गोपालगंज: पुलिस अधीक्षक ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निष्पादन के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। जनता की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए गोपालगंज पुलिस लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में आज, 20 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ‘जनसुनवाई’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक (SP) ने स्वयं उपस्थित होकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं को सुना। आवेदनों की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने संबंधित थाना अध्यक्षों और पुलिस पदाधिकारियों को पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ मामलों का निपटारा करने के कड़े निर्देश दिए, उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी शिकायतों का समाधान नियमानुसार और समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जा रहा है ताकि आम जनता को न्याय मिल सके। आम जनता की सुविधा के लिए गोपालगंज पुलिस ने जानकारी साझा की है कि प्रत्येक कार्य दिवस पर प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक पुलिस अधीक्षक कार्यालय में स्वयं एसपी द्वारा जनसुनवाई की जाती है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम करना और पीड़ितों को शीघ्र राहत पहुँचाना है। अंत में गोपालगंज पुलिस ने अपना ध्येय दोहराया कि वे “आपकी सेवा और सुरक्षा में सदैव तत्पर” हैं।












