गोपालगंज: गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग, 21 दुकानें जलकर खाक।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। जिले के थावे थाना क्षेत्र अंतर्गत लाछवार दुर्गा मंदिर बाजार में बुधवार को गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में एक झोपड़ीनुमा दुकान से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की करीब 21 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में लाखों की संपत्ति जलकर खाक होने का अनुमान है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की शुरुआत मंदिर परिसर के पास स्थित एक झोपड़ीनुमा दुकान में सिलेंडर फटने से हुई। धमाका इतना जोरदार था कि आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन पछुआ हवा के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया और एक के बाद एक कई दुकानों को अपनी जद में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं। काफी मशक्कत और घंटों की कड़ी मेहनत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। हालांकि, जब तक आग बुझाई गई, तब तक 21 दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं। हादसे की जानकारी मिलते ही अंचलाधिकारी (CO) कुमारी रुपम शर्मा और थावे थानाध्यक्ष विभा कुमारी दलबल के साथ मौके पर पहुँचीं। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित दुकानदारों से बातचीत की।अधिकारियो ने मीडिया से बात करते हुए कहा की प्रशासन आग से हुए नुकसान का आकलन कर रहा है। घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और प्रभावित दुकानदारों को सरकारी नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।” फिलहाल, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम क्षति का सर्वे करने और मामले की गहन जांच में जुटी है। इस घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल है।












