गोपालगंज: भीषण गर्मी और ‘लू’ के कारण स्कूलों के समय में बदलाव, DM ने जारी किया आदेश।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।।बिहार में बढ़ती गर्मी और भीषण ‘लू’ (Heatwave) को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए कड़ा कदम उठाया है। गोपालगंज के जिला पदाधिकारी (DM) पवन कुमार सिन्हा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 के तहत जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के समय में परिवर्तन का आदेश जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान और अत्यधिक गर्मी को देखते हुए शैक्षणिक गतिविधियों के लिए निम्नलिखित समय सीमा निर्धारित की गई है जिसमे कक्षा 5वीं तक (प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों सहित): सुबह 11:30 बजे के बाद सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा। कक्षा 8वीं तक: दोपहर 12:30 बजे के बाद किसी भी प्रकार की शैक्षणिक गतिविधि संचालित नहीं की जाएगी।
यह आदेश पूरे गोपालगंज जिले में 23 अप्रैल 2026 से 27 अप्रैल 2026 तक प्रभावी रहेगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यालय प्रबंधन को इस निर्धारित समय सारणी के अनुसार अपनी गतिविधियों को पुनर्गठित करना होगा। जिलाधिकारी द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि दोपहर के समय भीषण गर्मी और गर्म हवाओं के कारण बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह सुरक्षात्मक कदम उठाया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी और सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को इस आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।












