बड़ी खबर: बिहार में अब राशन दुकानों से मिलेगा खाना पकाने का कोयला; गैस संकट के बीच सरकार का बड़ा फैसला।
गोपालगंज ।। बिहार में रसोई गैस (LPG) की किल्लत से जूझ रहे आम लोगों के लिए राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब राज्य के राशन कार्ड धारकों को जन वितरण प्रणाली (PDS) की दुकानों के माध्यम से कुकिंग कोयला (Cooking Coal) उपलब्ध कराया जाएगा। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, दक्षिण पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण वैश्विक ऊर्जा सप्लाई चेन बुरी तरह प्रभावित हुई है। इसका सीधा असर रसोई गैस की उपलब्धता पर पड़ा है। गैस की कमी को देखते हुए राज्य सरकार ने वैकल्पिक ऊर्जा स्रोत के रूप में कोयले की आपूर्ति करने का निर्णय लिया है। सरकार के इस फैसले का लाभ मुख्य रूप से उन लोगों को मिलेगा जो राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के अंतर्गत आच्छादित हैं। जिनके पास वैध राशन कार्ड है और वे राशन दुकानों से जुड़े हैं। इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए सरकार ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के प्रावधानों का सहारा लिया है। विभाग ने इसके लिए विस्तृत मार्गदर्शिका (Guidelines) तैयार कर ली है। राज्य के सभी जिला पदाधिकारियों (DM), खान एवं भूतत्व विभाग और परिवहन विभाग को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। बिहार राज्य खनन निगम लिमिटेड (BSMCL) और परिवहन विभाग मिलकर कोयले की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे। सरकार के इस कदम से उन गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है जिन्हें गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी या उसकी अनुपलब्धता के कारण चूल्हा जलाने में परेशानी हो रही थी।












