गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नगर थाना क्षेत्र से 299 लीटर देशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोपालगंज पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में देशी शराब बरामद की है और दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के भितभेरवा ग्राम में एक घर में अवैध शराब रखे होने की गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उक्त स्थान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से कुल 299.4 लीटर देशी शराब बरामद की गई। मौके से पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान संजय सिंह, पिता- ओमप्रकाश सिंह तथा रोहित कुमार सिंह, पिता- संजय सिंह दोनों आरोपी ग्राम – भितभेरवा, नगर थाना जिला – गोपालगंज के रूप में हुई है।
गोपालगंज पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत कांड दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।












