भूमि विवाद, मद्यनिषेध, खनन टास्क फोर्स समेत विभिन्न मामलों की हुई समीक्षा
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले में लंबित प्रशासनिक एवं भूमि संबंधी मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को एनआईसी कक्ष में जिला पदाधिकारी श्री समीर सौरभ की अध्यक्षता में मद्यनिषेध, खनन टास्क फोर्स, भूमि विवाद, भू-समाधान पोर्टल, भूमिहीन थानों, पुलिस लाइन, अग्निशामालय के लिए भूमि उपलब्धता, सीसीए प्रस्ताव तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि चिन्हित सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन करें। उन्होंने कहा कि जनहित एवं प्रशासनिक कार्यों से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखना उचित नहीं है। भूमि विवाद एवं भू-समाधान पोर्टल पर दर्ज मामलों के निष्पादन में विशेष तत्परता बरतने तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया।
सिधवलिया में एसडीपीओ कार्यालय के लिए जल्द मिलेगी जमीन
समीक्षा के दौरान सिधवलिया में एसडीपीओ-2 कार्यालय के लिए भूमि उपलब्धता का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। जिला पदाधिकारी ने अपर समाहर्ता को निर्देश दिया कि कार्यालय के लिए उपयुक्त सरकारी भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
इसके अलावा भूमिहीन थानों, पुलिस लाइन और अग्निशामालय के लिए भूमि उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सरकारी भूमि का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की आधारभूत संरचनाओं के लिए भूमि उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
साइबर यातायात थाना के लिए भी भूमि प्रक्रिया में तेजी
बैठक में साइबर यातायात थाना के लिए भूमि उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। डीएम ने संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करते हुए भूमि उपलब्धता की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।
15 दिन बाद फिर होगी समीक्षा
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को लंबित मामलों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि 15 दिनों के बाद इन सभी मामलों की प्रगति की दोबारा समीक्षा की जाएगी। अगली बैठक से पहले अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित मामलों की स्थिति की गहन समीक्षा की जाएगी।
मद्यनिषेध एवं खनन टास्क फोर्स से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए डीएम ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता श्री राजेश्वरी पाण्डेय, एसडीओ गोपालगंज डॉ. प्रेरणा सिंह, एसडीओ हथुआ श्री अभिषेक कुमार चंदन, भूमि सुधार उप समाहर्ता गोपालगंज एवं हथुआ, मुख्यालय डीएसपी, वरीय उप समाहर्ता दिलीप कुमार, सामान्य शाखा प्रभारी अजय कुमार सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।












