कम अनाज देने पर पीडीएस दुकानदारों पर होगी कड़ी कार्रवाई, डीएम ने तय की जवाबदेही
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। गरीब और जरूरतमंद परिवारों को जन वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले राशन में कटौती अब प्रशासन बर्दाश्त नहीं करेगा। बुधवार को समाहरणालय सभा कक्ष में आयोजित आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक में जिला पदाधिकारी श्री समीर सौरभ (भा.प्र.से.) ने पीडीएस व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि किसी भी लाभुक को निर्धारित मात्रा से कम, यानी पांच किलोग्राम से कम खाद्यान्न नहीं दिया जाना चाहिए। यदि पीडीएस दुकानदार द्वारा कम अनाज देने की शिकायत या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, निगरानी और कार्रवाई में लापरवाही बरतने वाले प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों की भी जवाबदेही तय की जाएगी।
कार्यालय में बैठकर नहीं, क्षेत्र में उतरकर करें जांच
समीक्षा के दौरान डीएम ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों से पिछले एक महीने में पीडीएस दुकानों और गैस एजेंसियों की गई जांच एवं छापेमारी का ब्योरा मांगा। संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से अपनी कार्यप्रणाली में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि केवल कार्यालय में बैठकर आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी नहीं की जा सकती। अधिकारी नियमित रूप से पीडीएस दुकानों का निरीक्षण करें, खाद्यान्न की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की जांच करें तथा लाभुकों को निर्धारित मात्रा में राशन मिल रहा है या नहीं, इसकी भी पड़ताल करें।
होटल-रेस्टोरेंट में घरेलू सिलेंडर मिला तो FIR
बैठक में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल पर भी डीएम ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में नियमित छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि यदि किसी व्यावसायिक प्रतिष्ठान में घरेलू उपयोग वाला गैस सिलेंडर व्यावसायिक कार्य में इस्तेमाल होता पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्ति या प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने गैस सिलेंडरों के अवैध या नियम विरुद्ध इस्तेमाल की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई के बाद नियमित अनुश्रवण का भी निर्देश दिया।
लाभुकों के हक की होगी निगरानी
डीएम समीर सौरभ ने कहा कि खाद्यान्न वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। लाभुकों के अधिकार के राशन में किसी भी प्रकार की कटौती या अनियमितता की शिकायत मिलने पर तत्काल स्थल जांच कर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप नियमित निरीक्षण एवं छापेमारी करने और कार्रवाई को प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी गोपालगंज डॉ. प्रेरणा सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी हथुआ, वरीय उप समाहर्ता श्री दिलीप कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी गोपालगंज सहित सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी उपस्थित रहे।












