जब गुरुजी का आवेदन ही निकला ‘गलत’, DEO ने थमाया शो-कॉज नोटिस
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया में आवेदन को लेकर एक पंचायत शिक्षक की लापरवाही अब उनके लिए परेशानी का सबब बन गई है। ई-कोष के माध्यम से अपलोड किए गए ट्रांसफर लेटर में कई खामियां सामने आने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने अपग्रेड मिडिल स्कूल के पंचायत शिक्षक बबलू राय को शो-कॉज नोटिस जारी किया है।
बताया जा रहा है कि स्थानांतरण के लिए शिक्षक द्वारा अपलोड किए गए आवेदन में कई स्तर पर त्रुटियां पाई गईं। आवेदन की भाषा, प्रारूप और लिखने के तरीके को लेकर सवाल उठने के बाद शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लिया और शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा है।
डीईओ की इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में चर्चा तेज हो गई है। विभागीय स्तर पर यह सवाल भी उठ रहा है कि जो शिक्षक स्वयं अपना आवेदन भी ठीक तरीके से तैयार नहीं कर पा रहे हैं, वे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा किस स्तर तक दे पाएंगे?
शो-कॉज नोटिस में शिक्षक से उनकी ओर से की गई त्रुटियों को लेकर जवाब मांगा गया है। विभागीय कार्रवाई के बाद जिले के शिक्षकों में भी हड़कंप मचा हुआ है। माना जा रहा है कि शिक्षा विभाग अब सरकारी दस्तावेजों और ऑनलाइन माध्यम से प्रस्तुत किए जाने वाले आवेदनों में लापरवाही को लेकर सख्ती बरतने के मूड में है।
डीईओ अमरेंद्र कुमार पांडेय की कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दिया है कि विभागीय कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।











