कलयुगी बेटे पर मां की हत्या का आरोप, संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप
कटेया/गोपालगंज। कटेया थाना क्षेत्र के ओझवलिया गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सनसनी फैल गई है। मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने उसके पुत्र पर ही मां की जान लेने का आरोप लगाया है। मृतका की पहचान ओझवलिया निवासी हृदया बैठा की पत्नी शकुंतला देवी के रूप में हुई है। वह गांव के आंगनबाड़ी केंद्र पर सेविका के पद पर कार्यरत थीं। घटना के बाद से उनका पुत्र विशुन बैठा फरार बताया जा रहा है।

बाइक से गिराने का आरोप
स्वजनों के अनुसार, 14 अगस्त की दोपहर विशुन बैठा अपनी मां शकुंतला देवी के बाइक से फाजिलनगर ले जा रहा था। इसी दौरान बाढ़ू चौराहा बाजार के समीप कथित रूप से उसने अपनी मां को बाइक से धक्का देकर गिरा दिया।
घटना के बाद बाजार के दुकानदारों ने महिला का मोबाइल लेकर उनके पति हृदय बैठा को फोन कर घटना की जानकारी दी। गंभीर रूप से घायल शकुंतला देवी को फाजिलनगर सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें पडरौना सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजा गया।
इलाज के दौरान हालत में कुछ सुधार न होने पर स्वजन उन्हें गोपालगंज के एक निजी अस्पताल में ले आए, जहां उनका उपचार चल रहा था। शुक्रवार की देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर स्वजन उन्हें गोरखपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
तीन बार जेल जा चुका है पुत्र
ग्रामीणों के मुताबिक, विशुन बैठा पहले भी तीन बार जेल जा चुका है। बताया जा रहा है कि घटना से करीब चार-पांच दिन पहले ही वह जेल से बाहर आया था। ग्रामीणों ने उसके नशे का सेवन करने का भी दावा किया है।
घटना के बाद से आरोपी पुत्र के फरार होने से मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या वाकई उसके पुत्र की भूमिका इसमें है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस फरार पुत्र की तलाश में जुटी है।












