कटेया में गरजा बुलडोजर, वर्षों पुराने अतिक्रमण पर बड़ा एक्शन
कटेया में नितीश पर भारी पड़े सम्राट वर्षो पुराने सड़क अतिक्रमण पर बुलडोजर एक्शन शुरू
“जिस जाम से लोग सालों से परेशान थे, उस पर आखिर चला प्रशासन का पहिया”
गोपालगंज जिले के कटेया बाजार में वर्षों से लोगों की परेशानी बने सड़क अतिक्रमण के खिलाफ आखिरकार प्रशासन का बुलडोजर गरज उठा। सोमवार की शाम भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शुरू हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान ने पूरे बाजार में हड़कंप मचा दिया। सड़क किनारे कब्जा जमाकर बैठे अतिक्रमणकारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।कटेया बाजार की पहचान लंबे समय से जाम की गंभीर समस्या को लेकर होती रही है। मुख्य सड़क पर अवैध कब्जों के कारण लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया था। रोजाना घंटों लगने वाले जाम से आम लोग, छात्र, मरीज और व्यापारी सभी परेशान थे। लेकिन सोमवार को प्रशासन के बुलडोजर एक्शन ने लोगों में नई उम्मीद जगा दी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस समस्या का समाधान वर्षों तक नहीं हो पाया, उस पर अब सख्त कार्रवाई शुरू होती दिख रही है। लोगों ने कहा कि बीते दो दशकों में केवल पैमाइश और मार्किंग तक ही कार्रवाई सीमित रही, लेकिन पहली बार जमीन पर वास्तविक एक्शन देखने को मिला है।बुलडोजर कार्रवाई के दौरान प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में दिखा। बाजार की कई जगहों से अवैध निर्माण और सड़क पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए। हालांकि अभी बाजार के कुछ हिस्सों में ही कार्रवाई हुई है, लेकिन लोगों की निगाहें अब नगर पंचायत और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।कटेया के लोगों का मानना है कि यदि पूरे बाजार को अतिक्रमण मुक्त करा दिया गया, तो वर्षों पुरानी जाम की समस्या से बड़ी राहत मिल सकती है। फिलहाल बुलडोजर की यह कार्रवाई पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।












