सोशल मीडिया पर वायरल शिकायतों की हुई औचक जांच, अधिकांश सोलर स्ट्रीट लाइटें मिलीं पूरी तरह चालू; खराब लाइटों को 24–48 घंटे में दुरुस्त करने के निर्देश
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गोपालगंज जिला प्रशासन ने सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की गुणवत्ता एवं कार्यप्रणाली की जांच के लिए विशेष औचक अभियान चलाया। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर सोलर लाइटों के खराब होने संबंधी शिकायतों की सत्यता परखने के लिए जिला पंचायत राज पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार स्वयं देर रात करीब 10 बजे मैदान में पहुंचे और सिधवलिया प्रखंड के कासी टेंगराही पंचायत स्थित हरपुर टेंगराही एवं आसपास के टोलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रखंड के तकनीकी सहायक, पंचायत सचिव एवं अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। टीम ने वार्डों और ग्रामीण सड़कों पर लगी सोलर स्ट्रीट लाइटों की रोशनी एवं उनकी कार्यप्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया।
जांच में सामने आया कि सोशल मीडिया पर किए जा रहे अधिकांश दावों के विपरीत अधिकांश सोलर स्ट्रीट लाइटें पूरी तरह चालू एवं सुचारु रूप से कार्यरत थीं। केवल कुछ स्थानों पर तकनीकी खराबी पाई गई, जिन्हें तत्काल ठीक कराने के लिए संबंधित एजेंसियों एवं तकनीकी कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर योजना के संबंध में उनकी राय भी जानी। ग्रामीणों ने बताया कि सोलर स्ट्रीट लाइट लगने से रात में आवागमन आसान हुआ है, सुरक्षा की भावना बढ़ी है तथा गांवों में प्रकाश व्यवस्था पहले की तुलना में काफी बेहतर हुई है।
जिला पंचायत राज पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर जिले के विभिन्न प्रखंडों में भी इसी तरह का व्यापक जांच अभियान चलाया जा रहा है। अब तक की नमूना जांच से स्पष्ट हुआ है कि योजना का क्रियान्वयन धरातल पर सफल है और सोशल मीडिया पर प्रसारित कई शिकायतें वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खातीं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन इक्का-दुक्का स्थानों पर तकनीकी खराबी के कारण सोलर लाइटें बंद मिली हैं, उन्हें 24 से 48 घंटे के भीतर प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाएगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रकाश व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।












