नवरंग प्रभुनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड हॉस्पिटल में पोषण सप्ताह का आयोजन
संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति विद्यार्थियों ने किया जागरूक
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
प्रखंड क्षेत्र के बंका मोड़-सेमरिया स्थित नवरंग प्रभुनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड हॉस्पिटल में एक सितंबर से पोषण सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ-साथ समाज के लोगों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के प्रति जागरूक करना है।पोषण सप्ताह के दौरान एएनएम एवं जीएनएम के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर चार्ट एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारी दी। विद्यार्थियों ने कैल्शियम रिच डाइट, हाई प्रोटीन डाइट, बैलेंस्ड डाइट एवं डायबिटिक डाइट जैसे विषयों को विस्तार से समझाया। इस दौरान पोषक तत्वों की आवश्यकता, संतुलित आहार के फायदे और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। संस्थान के निदेशक मनीष कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नर्सिंग के क्षेत्र में पोषण संबंधी ज्ञान बेहद महत्वपूर्ण है। मरीज की उचित देखभाल और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में संतुलित एवं पौष्टिक आहार की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से पोषण संबंधी जानकारी को आम लोगों तक पहुंचाने की अपील की। प्रधानाचार्या आर्या कुमारी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से छात्रों के ज्ञान में वृद्धि होने के साथ-साथ उनमें जागरूकता फैलाने की भावना भी विकसित होती है। इस अवसर पर शिक्षणगण गौतम कुमार शर्मा, निकिता कुमारी सहित विभिन्न बैच के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित हुआ। विद्यार्थियों ने “सही पोषण—स्वस्थ जीवन” का संदेश देते हुए लोगों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।












