सारण मुख्य नहर के 52 किमी सेवापथ की सड़क की होगी मरम्मत, प्राक्कलन तैयार
जर्जर सड़क से आवागमन में परेशानी, विभागीय स्वीकृति मिलते ही शुरू होगा मरम्मत कार्य
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। सारण मुख्य नहर के सेवापथ पर निर्मित कालीकृत सड़क की जर्जर स्थिति को देखते हुए अब इसकी मरम्मत की कवायद तेज कर दी गई है। सुखदेवपट्टी के किलोमीटर 0.00 से भीखमपुर के किलोमीटर 52.00 तक करीब 52 किलोमीटर लंबी सड़क की मरम्मत के लिए विभागीय स्तर पर प्राक्कलन तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, उक्त सड़क का निर्माण एकरारनामा संख्या-01/SBD/2017-18, दिनांक 01.02.2018 के तहत कराया गया था। सड़क निर्माण के मूल प्राक्कलन में ही मरम्मत के लिए राशि का प्रावधान किया गया था। इसकी मरम्मत अवधि जुलाई 2027 तक निर्धारित है।
वर्तमान में सड़क के कई हिस्सों में क्षति के कारण स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में क्षतिग्रस्त हिस्सों की स्थिति और खराब होने से समस्या बढ़ जाती है। इसे देखते हुए सड़क को दुरुस्त कर आवागमन सुचारु बनाए रखने की दिशा में कार्रवाई शुरू की गई है।
विभागीय जानकारी के मुताबिक, मरम्मत मद में उपलब्ध प्रावधानित राशि के आधार पर मरम्मत का प्राक्कलन तैयार कर विभागीय अधिकारियों को भेज दिया गया है। कार्यालय के पत्रांक 1638, दिनांक 03.09.2026 के माध्यम से प्राक्कलन को अधीक्षण अभियंता, सारण नहर अंचल, सीवान को भेजा गया। वहीं पत्रांक 2340, दिनांक 09.09.2026 के माध्यम से इसे मुख्य अभियंता, सिंचाई सृजन, जल संसाधन विभाग, सीवान को भी अग्रसारित किया गया है।
अब विभागीय स्तर से प्राक्कलन की स्वीकृति मिलने का इंतजार है। स्वीकृति प्राप्त होते ही सारण मुख्य नहर के सेवापथ पर निर्मित कालीकृत सड़क के मरम्मत कार्य को शुरू किया जाएगा। मरम्मत पूरी होने के बाद सड़क की स्थिति में सुधार आने तथा स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।












