बीस सूत्री बैठक में विकास योजनाओं को मिली रफ्तार, प्रभारी मंत्री ने दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
थावे-भोरे की चार-चार पंचायतों को नगर पंचायत बनाने के प्रस्ताव पर बनी सहमति, सरकारी भवनों से अवैध कब्जा हटाने का निर्देश
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले में विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को गति देने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिला बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी मंत्री-सह-कृषि मंत्री, बिहार सरकार विजय कुमार सिन्हा ने की। इस दौरान जिले में चल रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति, पूर्व बैठक के निर्देशों के अनुपालन तथा लंबित कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक में मंत्री सुनील कुमार, सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन, विधान पार्षद राजीव कुमार उर्फ गप्पू बाबू, विधान परिषद सदस्य जनक राम, विधायक राम सेवक सिंह एवं मंजीत कुमार सिंह, बीस सूत्री समिति के उपाध्यक्ष संदीप गिरी एवं आदित्य कुमार शाही, जिलाधिकारी समीर सौरभ तथा पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी सहित समिति के सदस्य एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी समीर सौरभ ने अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा शुरू हुई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
थावे और भोरे में नगर पंचायत गठन के प्रस्ताव पर सहमति
बैठक में थावे एवं भोरे प्रखंड की चार-चार पंचायतों को नगर पंचायत के रूप में गठित करने के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रस्ताव पर सहमति बनने के बाद संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्देश दिया गया।
थावे मंदिर के सौंदर्यीकरण में तेजी
थावे मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने संबंधित विभाग को आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
लापरवाही पर विद्युत विभाग के कनीय अभियंता पर कार्रवाई के निर्देश
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान विजयीपुर के कनीय अभियंता के स्तर पर कर्तव्यहीनता एवं लापरवाही से संबंधित मामले को गंभीरता से लिया गया। प्रभारी मंत्री ने संबंधित पदाधिकारी को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सरकारी भवनों पर कब्जा करने वालों पर होगी कार्रवाई
बैठक में सरकारी भवनों एवं परिसरों पर अवैध कब्जे के मामलों पर भी सख्त रुख अपनाया गया। ऐसे सभी स्थलों को अविलंब अतिक्रमणमुक्त कराने तथा सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया गया।
राजस्व मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर
दाखिल-खारिज एवं परिमार्जन से जुड़े लंबित मामलों का नियमानुसार समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। डीसीएलआर सदर एवं हथुआ को राजस्व विभाग के कर्मचारियों की रोस्टरवार सूची बीस सूत्री समिति के सदस्यों को उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया।
किसानों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर
फॉर्मर आईडी पंजीयन की समीक्षा करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी एवं संबंधित राजस्व अधिकारियों को पंजीयन कार्य में तेजी लाने तथा अधिक से अधिक पात्र किसानों को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया गया।
वहीं प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने तथा अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को योजना का लाभ दिलाने पर भी जोर दिया गया।
शिक्षा विभाग के आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन
शिक्षा विभाग के कमांड एंड कंट्रोल पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का ससमय, गुणवत्तापूर्ण एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। लंबित मामलों को अनावश्यक रूप से रोककर नहीं रखने की हिदायत दी गई।
खराब चापाकलों की तत्काल मरम्मती के निर्देश
लोक स्वास्थ्य प्रमंडल की समीक्षा के दौरान प्रखंडवार नल-जल योजनाओं की सूची बीस सूत्री समिति के सदस्यों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही जिले में खराब पड़े चापाकलों की पहचान कर अविलंब मरम्मती कराने को कहा गया, ताकि लोगों को पेयजल की सुविधा सुचारू रूप से मिलती रहे।
सीसीटीवी से मजबूत होगी सुरक्षा व्यवस्था
गोपालगंज नगर क्षेत्र के महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर हाई रिजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को दिया गया। इससे शहर में निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।
गन्ना किसानों के भुगतान का मामला भी उठा
गन्ना किसानों को गन्ना मूल्य के भुगतान में देय ब्याज से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए ईख पदाधिकारी को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया, ताकि किसानों को उनके देय भुगतान का लाभ समय पर मिल सके।
हरित क्षेत्र बढ़ाने और पौधों के संरक्षण पर जोर
जिले में वन आच्छादन एवं हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कराने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण और देखभाल पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।
बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में अनावश्यक विलंब अथवा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।












