सदर अस्पताल की गंदगी और जलजमाव पर डीएम का सख्त एक्शन, तड़के ही पहुंचे अधिकारी
शिकायत मिलते ही हरकत में आया प्रशासन, डीएम के निर्देश पर मॉडल अस्पताल परिसर में कराई गई सफाई
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। सदर अस्पताल, गोपालगंज परिसर में गंदगी और जलजमाव की शिकायत को जिला पदाधिकारी श्री समीर सौरभ ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने नगर परिषद, गोपालगंज और अस्पताल प्रबंधन को मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम के निर्देश के बाद कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद गोपालगंज श्री अजय कुमार एवं डीपीएम श्री धीरज कुमार तड़के ही सदर अस्पताल परिसर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर स्थिति का जायजा लिया और अपनी निगरानी में मॉडल अस्पताल परिसर में सफाई एवं जलजमाव की समस्या के निराकरण की कार्रवाई कराई।
परिसर में जमा पानी और गंदगी को हटाकर साफ-सफाई कराई गई, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को होने वाली परेशानी को कम किया जा सके।
लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों एवं शैक्षणिक संस्थानों में नियमित और गुणवत्तापूर्ण साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संस्थानों में स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की शिकायतें सामने आने पर संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार के सरकारी संस्थानों में स्वच्छता, जलनिकासी एवं जनसुविधाओं की नियमित निगरानी करने तथा सामने आने वाली समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।












