नौतन में महिला आरक्षण में उचित हिस्सेदारी के लिए माले ने निकाला मार्च
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय प्रखंड के नौतन बाजार में शुक्रवार को भाकपा माले के महिला मोर्चा द्वारा महिला आरक्षण में दलित-पिछड़े समुदाय की महिलाओं की उचित हिस्सेदारी सुनिश्चित करने को लेकर मार्च निकाला गया। यह मार्च ऐपवा की प्रखंड अध्यक्ष माया कुशवाहा ने किया। यह मार्च स्थानीय प्रखंड मुख्यालय से प्रारंभ हुआ और नौतन बाजार होते हुए मदन मोड़ के समीप पहुंचकर नुक्कड़ सभा में तब्दील हो गया। मार्च में शामिल सभी कार्यकर्ता महिला आरक्षण का झूठा प्रचार बंद करो, 2023 पारित महिला आरक्षण तुरंत लागू करो, महिला की उचित हिस्सेदारी सुनिश्चित करो, जाति-जनगणना शीघ्र प्रकाशित करो, महिला विरोधी सरकार मुर्दाबाद, नरेन्द्र मोदी शर्म करो – महिला आरक्षण तत्काल लागू करो आदि नारे लगा रहे थे। सभा को संबोधित करते हुए माया कुशवाहा ने कहा कि केंद्र सरकार महिला आरक्षण का झूठा प्रचार बंद कर लोगों भ्रमित करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आज़ देश नारा मात्र बन क़र रह गया है आधी आबादी। अगर आधी आबादी की बात कर रहे हैं तो फिर 50% आरक्षण क्यों नहीं दे रहे हैं। वहीं सभा का संचालन प्रखंड सचिव शिवजी सहानी ने किया। उनके अलावा पवन कुशवाहा व शिवजी सहानी ने भी सभा को संबोधित किया। मौके पर दर्जनों माले समर्थक मौजूद रहे।












