14 सितंबर को मनेगा हिंदी दिवस, स्कूलों में होंगी वाद-विवाद व निबंध प्रतियोगिताएं
हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और विद्यार्थियों में रुचि विकसित करने पर प्रशासन का जोर
गोपालगंज। हिंदी दिवस के आयोजन को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में हिंदी दिवस को व्यापक एवं प्रभावी तरीके से मनाने तथा विद्यार्थियों, आम नागरिकों और सरकारी कर्मियों के बीच हिंदी भाषा के प्रति जागरूकता बढ़ाने को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि हिंदी केवल भाषा नहीं, बल्कि देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और जनसंचार का सशक्त माध्यम है। हिंदी दिवस मनाने का उद्देश्य सिर्फ एक दिन हिंदी का उत्सव मनाना नहीं, बल्कि दैनिक जीवन, शिक्षा और सरकारी कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देना है।
उन्होंने विद्यार्थियों एवं युवाओं में हिंदी के प्रति रुचि विकसित करने तथा उन्हें रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।
स्कूलों में होगी प्रतियोगिताएं
बैठक में निर्णय लिया गया कि 14 सितंबर को हिंदी दिवस के अवसर पर जिले के सभी विद्यालयों में वाद-विवाद एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व, साहित्य, संस्कृति तथा राष्ट्र निर्माण में हिंदी की भूमिका से परिचित कराया जाएगा।
इसके अलावा चलचित्र के माध्यम से हिंदी भाषा की महत्ता एवं उपयोगिता को प्रदर्शित करने की भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों और आम लोगों तक हिंदी के महत्व का संदेश रोचक एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।
बेहतर हिंदी टिप्पण लेखन करने वाले कर्मी होंगे पुरस्कृत
सरकारी कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए समाहरणालय संवर्ग एवं अन्य विभागों के ऐसे कर्मियों को प्रोत्साहित एवं पुरस्कृत किया जाएगा, जो उत्कृष्ट एवं प्रभावी टिप्पण लेखन करेंगे। प्रशासन का मानना है कि इससे कार्यालयीन कार्यों में सरल, सहज और गुणवत्तापूर्ण हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में हिंदी दिवस के कार्यक्रमों में अधिकाधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों, सरकारी कर्मियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। जिला प्रशासन द्वारा हिंदी के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने तथा इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न माध्यमों का उपयोग किया जाएगा।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री गौरव कुमार, सामान्य शाखा प्रभारी श्री अनिल कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. शशि प्रकाश, निदेशक डीआरडीए श्री राकेश चौबे सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।












