नवोदय विद्यालयों में 9वीं और 11वीं में दाखिले का सुनहरा मौका, 30 सितंबर तक करें आवेदन
रिक्त सीटों पर लेटरल एंट्री से मिलेगा प्रवेश, 10 अप्रैल 2027 को होगी चयन परीक्षा
गोपालगंज। जवाहर नवोदय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 9वीं एवं 11वीं में रिक्त सीटों पर लेटरल एंट्री के माध्यम से प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नवोदय विद्यालय में पढ़ाई का सपना देख रहे विद्यार्थियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है। पात्र एवं इच्छुक विद्यार्थी 30 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिए लेटरल एंट्री सेलेक्शन टेस्ट (LEST)-2027 का आयोजन शनिवार, 10 अप्रैल 2027 को किया जाएगा। परीक्षा के माध्यम से रिक्त सीटों पर योग्य विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।
अंतिम तिथि का इंतजार न करें
विद्यार्थियों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि आवेदन की अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। आवेदन के दौरान मांगी गई सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक भरना जरूरी होगा, ताकि बाद में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
आवेदन के बाद मिलेगा करेक्शन का मौका
आवेदन की अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद तीन दिनों के लिए करेक्शन विंडो उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवधि में निर्धारित विवरणों में आवश्यक सुधार किया जा सकेगा। करेक्शन विंडो बंद होने के बाद किसी भी प्रकार के संशोधन का अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अभिभावकों से अपील की गई है कि वे आवेदन करने से पहले विद्यार्थी की पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच कर लें। समय रहते आवेदन पूरा करने से अंतिम समय में होने वाली तकनीकी परेशानियों से भी बचा जा सकेगा।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट












