गोपालगंज पुलिस का बड़ा एक्शन: एक दिन में 44 अपराधी गिरफ्तार, लाखों का जुर्माना व भारी मात्रा में शराब बरामद।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे समकालीन अभियान के तहत गोपालगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 44 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 7 जुलाई को जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान हत्या के प्रयास, चोरी, एससी/एसटी एक्ट, शराबबंदी कानून और विभिन्न मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, हत्या के प्रयास के 3, चोरी के 3, एससी/एसटी एक्ट के 1, शराब तस्करी के 3 तथा शराब सेवन के 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा विभिन्न कांडों में 11 तथा ट्रायल वारंट के 7 अभियुक्तों को भी पुलिस ने दबोचा।अभियान के दौरान पुलिस ने 72 लीटर देशी और 2.7 लीटर विदेशी शराब समेत कुल 74.7 लीटर अवैध शराब बरामद की। साथ ही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। गोपालगंज पुलिस ने अभियान के दौरान 60 वारंटों का निष्पादन किया, जिनमें 25 जमानतीय और 35 अजमानतीय वारंट शामिल हैं। वहीं यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए 1 लाख 53 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराधियों, शराब तस्करों और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि आम जनता को सुरक्षित और अपराधमुक्त वातावरण मिल सके।












