फार्मर रजिस्ट्री के लिए डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक
दरभंगा, 30 जनवरी, 2026 :- जिला पदाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में प्रेक्षागृह, दरभंगा में एग्रीस्टैक परियोजना के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक का उद्देश्य जिले में फार्मर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति की समीक्षा करना तथा शेष किसानों का शीघ्र पंजीकरण सुनिश्चित करना।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने सभी किसान सलाहकारों को निर्देश दिया कि जिन किसानों का फार्मर आईडी अब तक नहीं बना है,उन्हें चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर फार्मर रजिस्ट्री कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि दो फरवरी से जिले के विभिन्न प्रखंडों में कैम्प के माध्यम से फार्मर रजिस्ट्री का कार्य किया जाएगा,जिसमें सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी सक्रिय भूमिका निभाएं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन किसानों की जमाबंदी नहीं बनी है,उन्हें जमाबंदी हेतु आवेदन कराने की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराई जाए,ताकि फार्मर रजिस्ट्री में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट कार्य योजना बनाकर मिशन मोड में कार्य करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुँचाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
उन्होंने सभी कृषि समन्वयकों,तकनीकी सहायकों एवं किसान सलाहकारों से अपेक्षा की कि वे आपसी समन्वय के साथ अधिक से अधिक सुपात्र किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करें, ताकि जिले में फार्मर रजिस्ट्री का लक्ष्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जा सके।
बैठक में अपर समाहर्ता राजस्व श्री मनोज कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी डॉ.सिद्धार्थ, उप निदेशक जनसंपर्क श्री सत्येंद्र प्रसाद,सभी सहायक निदेशक (दरभंगा), अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, तकनीकी सहायक, विशेष सर्वेक्षण अमीन, किसान सलाहकार, कार्यपालक सहायक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।












