हत्या के प्रयास कांड में बड़ी कार्रवाई, फरार प्राथमिक अभियुक्त गिरफ्तार।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था को लेकर गोपालगंज पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उचकागांव थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे कांड के एक प्राथमिक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक, गोपालगंज के निर्देश पर फरार एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उचकागांव थाना कांड संख्या 308/26, दिनांक 09 अगस्त 2026, के प्राथमिक अभियुक्त उमते रऊल मियां, पिता स्वर्गीय रहमत मियां, निवासी बरारी हरकेश, थाना उचकागांव, जिला गोपालगंज को मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
खेत में काम कर रहे व्यक्ति पर किया था जानलेवा हमला
पुलिस के अनुसार, 08 अगस्त 2026 की सुबह वादी अपने ग्राम मूड़ी बरारी स्थित खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान आरोपितों ने कथित रूप से लाठी-डंडा एवं चाकू से उन पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज रेफर किया गया।
मामले में वादी के फर्दबयान के आधार पर उचकागांव थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। घटना के बाद से अभियुक्त फरार चल रहा था।
पूछताछ में संलिप्तता स्वीकार करने का पुलिस का दावा
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त से पूछताछ की गई, जिसमें उसने उक्त कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक न्यायिक प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए भी मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी एवं कार्रवाई जारी है।
गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध एवं फरार अभियुक्तों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।











