सुपर पेट्रोलिंग अभियान के तहत गोपालगंज पुलिस का सघन निरीक्षण, रात्रि गश्ती की ली गई जायजा।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले में अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से गोपालगंज पुलिस द्वारा सुपर पेट्रोलिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक, गोपालगंज के निर्देश पर अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में रात्रि गश्ती एवं पुलिस व्यवस्था का सघन निरीक्षण किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस निरीक्षक सह पर्यवेक्षी पदाधिकारी कुचायकोट-2 कैप्टन शहनवाज द्वारा कुचायकोट, गोपालपुर, विशम्भरपुर, महिला थाना, अनुसूचित जाति-जनजाति थाना एवं सदर अस्पताल के कैदी वार्ड का निरीक्षण किया गया।
वहीं पुलिस निरीक्षक परिचारी प्रवर रानी कुमारी द्वारा बरौली, मांझागढ़ एवं मीरगंज क्षेत्र में, जबकि पुलिस निरीक्षक सह पर्यवेक्षी पदाधिकारी भोरे द्वारा मीरगंज, उचकागांव, फुलवरिया एवं श्रीपुर थाना क्षेत्रों में रात्रि गश्ती एवं ओडी पदाधिकारी की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया गया।
🔎 गश्ती वाहनों और पुलिसकर्मियों की हुई चेकिंग
निरीक्षण के दौरान रात्रि गश्ती की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया गया। गश्ती वाहनों में तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की चेकिंग करते हुए उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्र में सतर्कता के साथ गश्त करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया।
पुलिस के इस अभियान का उद्देश्य रात्रि के समय पुलिस की सक्रियता बढ़ाना, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखना और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना है।
गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की सुपर पेट्रोलिंग एवं निगरानी आगे भी जारी रहेगी।












