विजयीपुर में मारपीट मामले का पुलिस ने किया त्वरित खुलासा, तीन नामजद आरोपी गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। विजयीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सुदामचक में हुई मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की कार्रवाई से मामले में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त 2026 को सुदामचक गांव में मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही विजयीपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। घायलों को इलाज के लिए विजयीपुर स्थित सरकारी अस्पताल भेजा गया, वहीं घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।
प्राथमिकी के मुताबिक, वादिनी मेहनत-मजदूरी करने के बाद अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान गांव के चौराहे पर पूर्व से मौजूद आरोपियों ने कथित रूप से उनके साथ मारपीट की। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों के पहुंचने के बाद भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
पुलिस ने मामले में विजयीपुर थाना कांड संख्या 260/26, दिनांक 22 अगस्त 2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। जांच के दौरान त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मोनू शेख, आरिफ शेख एवं बारिश शेख को गिरफ्तार किया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार वर्तमान में क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।











