विजयीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी की बाइक के साथ युवक गिरफ्तार, शराब कारोबार में इस्तेमाल का खुलासा
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। विजयीपुर थाना पुलिस ने वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक चोरी की बाइक का इस्तेमाल अवैध शराब के कारोबार में कर रहा था।
पुलिस कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, 22 अगस्त 2026 को विजयीपुर थाना क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान रामनगर के पास एक मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने अपना नाम सचिन साह, पिता-पत्रस गोंड, निवासी छोटकी मझवलिया, थाना कटेया, जिला गोपालगंज बताया। उसके कब्जे से एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। वाहन से संबंधित वैध कागजात मांगने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
मोटरसाइकिल पर अंकित नंबर के आधार पर पुलिस ने वाहन मालिक से संपर्क किया। जांच में पता चला कि उक्त मोटरसाइकिल पिछले वर्ष दिसंबर माह में भलुअनी थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी और इस संबंध में थाने में आवेदन भी दिया गया था।
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसने यह मोटरसाइकिल लव यादव, पिता हरेंद्र यादव, निवासी महुई, थाना बरियारपुर करौंदी ओपी, जिला देवरिया से 12 हजार रुपये में खरीदी थी। आरोपी के अनुसार, बाइक का इस्तेमाल अवैध शराब के कारोबार में किया जाता था।
मामले में पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में विजयीपुर थाना कांड संख्या 261/26, दिनांक 23.08.2026 दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस चोरी की बाइक उपलब्ध कराने वाले अन्य लोगों तथा इस नेटवर्क से जुड़े आरोपियों की भी जांच कर रही है।











