वांछित अभियुक्तों के खिलाफ गोपालगंज पुलिस का इश्तेहार तामिला अभियान, घरों पर चस्पा किया न्यायालय का आदेश
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। जिले में फरार एवं वांछित अभियुक्तों के खिलाफ गोपालगंज पुलिस ने रविवार को व्यापक इश्तेहार तामिला अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक गोपालगंज के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में न्यायालय द्वारा निर्गत इश्तेहारों का विधिवत तामिला कराया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने संबंधित अभियुक्तों के घरों एवं संपत्तियों पर पहुंचकर न्यायालय के आदेश से जारी इश्तेहार चस्पा किया। इस कार्रवाई के दौरान स्थानीय गवाहों एवं ग्रामीणों की मौजूदगी भी सुनिश्चित की गई।
पुलिस के अनुसार, फरार एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। न्यायालय के आदेशों का पालन सुनिश्चित कराने के साथ ही पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि कानून से बचकर लंबे समय तक फरार रहना आसान नहीं होगा।
पुलिस की इस कार्रवाई से फरार अभियुक्तों में हड़कंप मचा हुआ है। अभियान के तहत आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।











