रहीमपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1200 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ पिकअप जब्त
शराब की कीमत करीब सात लाख रुपये, तस्कर मौके से फरार; गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नौतन पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रहीमपुर गांव से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब लदे एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। वाहन से करीब 1200 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद होने की बात सामने आई है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान शराब तस्कर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने शराब और पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस फरार तस्करों की पहचान करने में जुटी हुई है। बताया जाता है कि नौतन थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार को शराब की बड़ी खेप पहुंचाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रहीमपुर इलाके में कार्रवाई की। पुलिस टीम को देखते ही तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शराब तस्करी में शामिल लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने भी शराब तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस की सराहना की है।












