यूपी से बिहार लाई जा रही 40 लीटर शराब के साथ युवक गिरफ्तार, बाइक जब्त
कटेया। शराबबंदी के बीच उत्तर प्रदेश से बिहार में शराब की तस्करी करने के प्रयास का कटेया पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को 200 पीस फ्रूटी पैक यानी करीब 40 लीटर देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। मौके से शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर BR29X9413) भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त 2026 को चौकीदारों से सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश की ओर से एक मोटरसाइकिल के जरिए शराब की खेप बिहार की सीमा में लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल दिखाई दी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक लेकर भागने लगा।
पुलिस टीम ने पीछा कर मोटरसाइकिल सवार को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अनिल राम (22 वर्ष), पिता अभिराम राम के रूप में हुई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल से 200 पीस फ्रूटी पैक देशी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा करीब 40 लीटर बताई गई है।
पुलिस ने शराब और मोटरसाइकिल को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम-2022 की धारा 30(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि शराब की अवैध तस्करी एवं कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।











