भोरे बनेगा नगर पंचायत, 11 गांव होंगे शामिल
चकरवा खास, डूमर नरेंद्र, खदही और भोरे पंचायत के गांवों को किया जाएगा शामिल
गोपालगंज। भोरे प्रखंड मुख्यालय को नगर पंचायत का दर्जा देने की दिशा में कवायद तेज हो गई है। प्रस्तावित नगर पंचायत के गठन के लिए तैयार किए गए नजरी नक्शे में आसपास की पंचायतों के कई गांवों को शामिल करने का प्रस्ताव है। नगर पंचायत बनने के बाद क्षेत्र में शहरी सुविधाओं और विकास कार्यों के विस्तार की उम्मीद जताई जा रही है।
तैयार नजरी नक्शे के अनुसार प्रस्तावित नगर पंचायत में चकरवा खास पंचायत के नारू चकरवां और संसारपुर, डूमर नरेंद्र पंचायत के सिधवा, तथा खदही पंचायत के खजूरहां पांडेय, खजूरहां मिश्र, पांडेय चकिया और मिश्रौली गांव शामिल किए जाएंगे। इसके अलावा भोरे पंचायत के लच्छीचक, भोरे और बेलवा मिश्र को भी प्रस्तावित नगर पंचायत की सीमा में शामिल करने की योजना है।
नक्शे में प्रस्तावित नगर पंचायत की सीमा के साथ प्रमुख सड़कों और संबंधित क्षेत्रों को भी दर्शाया गया है। नगर पंचायत के गठन से इन गांवों में सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, जलापूर्ति समेत अन्य नागरिक सुविधाओं के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय स्तर पर नगर पंचायत बनने की खबर से क्षेत्र के लोगों में भी उत्सुकता है। यदि प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी मिलती है तो भोरे और आसपास के गांवों का स्वरूप बदलने के साथ ही क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं खुल सकती हैं।











