गोरखपुर सड़क हादसे में कटेया की महिला की मौत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
प्राइवेट बैंक में नौकरी कर परिवार का सहारा बनी थीं बेबी देवी, हादसे के बाद एम्स में इलाज के दौरान तोड़ा दम
कटेया/गोपालगंज। गोरखपुर में हुए सड़क हादसे में कटेया थाना क्षेत्र की एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका की पहचान रैपुरा गांव निवासी बेबी देवी (लगभग 32 वर्ष), पति मुरारी पाण्डेय के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, बेबी देवी अपने परिवार के साथ गोरखपुर में रहकर एक प्राइवेट बैंक में नौकरी करती थीं। गुरुवार की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच गोरखपुर में ही सड़क हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद उन्हें इलाज के लिए गोरखपुर एम्स में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान गुरुवार की रात उनकी मौत हो गई।
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
बेबी देवी की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके दो छोटे बच्चे हैं। बड़े बेटे की उम्र करीब 8 वर्ष, जबकि छोटे बेटे की उम्र लगभग 6 वर्ष बताई जा रही है। मां की मौत से दोनों मासूम बच्चों के सिर से ममता का साया हमेशा के लिए उठ गया।
घटना की जानकारी मिलते ही रैपुरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।












