कटेया में नाबालिग लड़की के लापता होने से हड़कंप, परिजनों ने युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का लगाया आरोप।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। कटेया थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के घर से अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर परिजनों ने थाने में लिखित शिकायत देकर एक युवक पर बहला-फुसलाकर लड़की को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार, 15 अगस्त 2026 की सुबह करीब 8 बजे नाबालिग लड़की घर से बाहर गई थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला। शिकायत में एक 19 वर्षीय युवक पर लड़की को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया गया है।
परिजनों का आरोप है कि लड़की घर से जाते समय करीब एक लाख रुपये नकद तथा लगभग ढाई लाख रुपये मूल्य के आभूषण भी साथ ले गई। काफी तलाश के बाद भी लड़की और युवक का पता नहीं चलने पर परिजनों ने कटेया थाने में आवेदन देकर मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से नाबालिग लड़की की सकुशल बरामदगी तथा मामले में आरोपित युवक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नोट: यह खबर परिजन द्वारा दिए गए लिखित आवेदन में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।











