कटेया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पिकअप से 914.880 लीटर विदेशी शराब बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कटैया थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 914.880 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए शराब परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश की ओर से एक पिकअप वाहन में भारी मात्रा में विदेशी शराब लोड कर बिहार लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष कटैया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम नन्दी पथी स्थित पैक्स गोदाम के पास वाहनों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच शुरू की।
इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से आ रहे एक पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। चालक ने वाहन को तेज गति से भगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को रोक लिया। वाहन की जांच के दौरान उसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।
🔴 गिरफ्तार आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम राजा राम उर्फ राजेश जाट, निवासी लुंबा राम, थाना मोकौ, जिला बाड़मेर (राजस्थान) बताया।
📦 बरामदगी
विदेशी शराब – 914.880 लीटर
पिकअप वाहन – 01
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बरामद शराब उत्तर प्रदेश के तमकुहीराज से खरीदकर पिकअप में लोड की गई थी और इसे पटना में बिक्री के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।
वाहन से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाने तथा संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया। पूछताछ के दौरान वाहन के चोरी का होने की बात भी सामने आई है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
इस संबंध में कटैया थाना कांड संख्या 445/2026, दिनांक 30.08.2026 दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अवैध शराब के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान में भी जुटी है।
गोपालगंज पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।












