अलग-अलग मामलों में चार अभियुक्त गिरफ्तार
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय थाना पुलिस ने विगत रात्रि अलग-अलग मामलों में विभिन्न गांवों में छापेमारी कर चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया। थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने गुप्त सूचना एवं दर्ज मामलों के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान सिसवां गांव से प्राथमिकी के नामजद अभियुक्त मुकेश यादव को गिरफ्तार किया गया। वहीं अंगौता हाता गांव से विनोद भगत को पुलिस ने पकड़ा। इसके अलावा सुजांव टोला मुसहरी में छापेमारी कर बन्धु शर्मा तथा शत्रुघ्न शर्मा को गिरफ्तार किया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित मामलों में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस ने पूछताछ एवं कागजी कार्रवाई के बाद चारों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस के अनुसार क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा लंबित मामलों में आरोपित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।










