गोपालगंज पुलिस की नई पहल: ‘फिट पुलिस-सशक्त सुरक्षा’ अभियान के तहत योग सत्र का आयोजन
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज पुलिस द्वारा पुलिस कर्मियों की शारीरिक और मानसिक तंदुरुस्ती को बढ़ावा देने के लिए आज एक विशेष योग अभियान की शुरुआत की गई। “फिट पुलिस – सशक्त सुरक्षा” के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस बल के तनाव को कम करना और उनकी कार्यक्षमता में वृद्धि करना है। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक, गोपालगंज के कुशल निर्देशन में आयोजित किया गया। जिले के विभिन्न पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों ने इस सत्र में उत्साहपूर्वक भाग लिया। सत्र के दौरान विशेषज्ञों द्वारा कर्मियों को विभिन्न प्रकार के योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।प्रशिक्षण में इस बात पर जोर दिया गया कि निरंतर योग न केवल शारीरिक बीमारियों को दूर रखता है, बल्कि कठिन परिस्थितियों में मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी सहायक होता है। गोपालगंज पुलिस के आधिकारिक बयान के अनुसार, विभाग अपने कर्मियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रशासन का मानना है कि एक स्वस्थ पुलिसकर्मी ही समाज की सुरक्षा और सेवा अधिक प्रभावी ढंग से कर सकता है।












