गोपालगंज: ज्वेलरी शॉप में लूट की नाकाम कोशिश, गोलीबारी में एक ग्रामीण की मौत, भीड़ ने दो लुटेरों को अधमरा किया।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट

गोपालगंज।। जिले के भोरे थाना क्षेत्र अंतर्गत जगतौली ओपी के लाला छापर बाजार में शुक्रवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने एक ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाने की कोशिश की। लूट का विरोध करने पर अपराधियों द्वारा की गई गोलीबारी में एक ग्रामीण की जान चली गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। वहीं, ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए दो अपराधियों को पकड़ लिया और उनकी जमकर धुनाई कर दी। लाला छापर बाजार स्थित दीपक ज्वेलर्स में बाइक सवार अपराधी ग्राहक बनकर घुसे और हथियार के बल पर लूटपाट की कोशिश करने लगे। दुकान मालिक और आसपास के ग्रामीणों ने जब शोर मचाया और विरोध किया, तो अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।गोलीबारी की चपेट में आने से दो ग्रामीणों को गोली लग गई। इसमें से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर किया गया है। गोलीबारी के बावजूद ग्रामीणों का हौसला नहीं डगमगाया। स्थानीय लोगों ने घेराबंदी कर दो लुटेरों को दबोच लिया। आक्रोशित भीड़ ने दोनों की जमकर पिटाई की, जिससे वे मरणासन्न स्थिति में पहुंच गए।अन्य अपराधी अपनी एक बाइक छोड़कर मौके से फरार होने में कामयाब रहे। उग्र ग्रामीणों ने अपराधियों की बाइक को आग के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायल अपराधियों को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात और हत्या के बाद लाला छापर बाजार में तनाव और दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रोष व्यक्त किया है। फिलहाल, जगतौली ओपी क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।












