गोपालगंज पुलिस की अनूठी पहल: SP खुद सुन रहे जनता की फरियाद, समस्याओं का मौके पर निपटारा।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। आम जनता और पुलिस के बीच की दूरी को कम करने और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए गोपालगंज पुलिस की ‘जनता दरबार’ पहल रंग ला रही है। आज दिनांक 16 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक (SP), गोपालगंज द्वारा अपने कार्यालय में भव्य जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह से ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर कतारबद्ध नजर आए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्वयं एक-एक कर आवेदकों से मुलाकात की और उनकी परेशानियों को विस्तार से सुना। जनसुनवाई में मुख्य रूप से जमीन विवाद, आपसी रंजिश और लंबित मामलों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने मौके पर मौजूद संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि:
आवेदनों का निष्पादन त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। नियमों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।आम जनता को न्याय के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
ज्ञात हो कि गोपालगंज पुलिस कार्यालय में प्रत्येक कार्य दिवस पर प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक पुलिस अधीक्षक द्वारा स्वयं जनसुनवाई की जाती है। पुलिस की इस सक्रियता से स्थानीय लोगों में विश्वास बढ़ा है और वे अपनी समस्याओं को लेकर सीधे उच्चाधिकारियों तक पहुँच पा रहे हैं।












