कटेया थाना क्षेत्र से दो तस्कर गिरफ्तार, मवेशी व पिकअप वाहन जब्त

गोपालगंज | 23 फरवरी 2026
जिले में पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोपालगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए कटेया थाना क्षेत्र के ग्राम बैरिया से दो पशु तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज हुसैन और कमरूद्दीन अहमद (निवासी कोल्हुआ, थाना सुरौली, जिला देवरिया, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो मवेशी बरामद किए हैं तथा तस्करी में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन भी जब्त किया है।
बताया जा रहा है कि जिले में पशु तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दोनों आरोपियों को रंगेहाथ पकड़ लिया।
पुलिस ने इस मामले में कांड दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है।











