नौतन पुलिस ने चार अपराधियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय पुलिस ने थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में छापेमारी कर अलग-अलग आपराधिक मामलों में फरार चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष जीतमोहन प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार सभी चार आरोपी लंबे समय से फरार थे और पुलिस उनकी निरंतर तलाश में लगी हुई थी। विगत रात को विश्वसनीय सूचना मिली कि चारों आरोपी अपने घर आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए हसुआ, वसदेवा तथा नारायणपुर गांवों में छापेमारी की। पुलिस ने बिना किसी प्रतिरोध के चारों आरोपियों को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में हसुआ गांव निवासी राजेश तुरहा पर पूर्व में उत्पाद अधिनियम के अंतर्गत एफआईआर दर्ज किया गया था। बसदेवा गांव निवासी विदेशी सहनी के विरुद्ध न्यायालय द्वारा गिरफ्तारी का वारंट जारी किया गया था। वहीं नारायणपुर गांव निवासी शिवजी मांझी और महावीर मांझी के विरुद्ध स्थानीय थाना में हत्या की कोशिश का मामला दर्ज है।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ कर सभी चारों आरोपियों को संबंधित मामलों में अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने इस कार्रवाई को सूचना पर आधारित त्वरित एवं सफल अभियान बताया। थानाध्यक्ष जीतमोहन प्रसाद ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान निरंतर जारी रहेगा और कोई भी अपराधी कानून की पकड़ से बच नहीं पाएगा।











