देशी शराब के साथ दो गिरफ्तार,दो बाइक जब्त
कटेया,गोपालगंज
कटेया थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 26.8 लीटर देशी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने मौके से दो बाइक भी जब्त की हैं।जानकारी के अनुसार, कटेया थाना की पुलिस अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी अभियान के तहत क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान तेतरिया पुल के समीप वाहन जांच के क्रम में दो बाइक को रोका गया। तलाशी लेने पर दोनों वाहनों से क्रमशः 12 लीटर और 14.8 लीटर देशी शराब बरामद हुई।कुल बरामद शराब की मात्रा 26.8 लीटर बताई गई है।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तरेया सुजान थाना क्षेत्र के बहादुरपुर निवासी राजेश तथा गोपालपुर थाना क्षेत्र के मंगरुछापर निवासी विकास पांडेय के रूप में हुई है।पुलिस ने बरामद शराब एवं दोनों बाइक को जब्त कर गिरफ्तार दोनों आरोपितों को थाना लाई और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई।











