शिक्षा मंत्री सुनील कुमार के विधानसभा मे पुल हुआ क्षतिग्रस्त ग्रामीणों ने 6 महीने पहले शिक्षा मंत्री सुनील कुमार से मिलकर निर्माण का किया था मांग
6 माह बाद भी नहीं शुरू हुआ निर्माण—ग्रामीणों में रोष

गोपालगंज जिले के कटेया प्रखंड अंतर्गत गणेशपुर गांव में सोना नदी पर बना पुल क्षतिग्रस्त हो जाने से कई गांवों का संपर्क पूरी तरह प्रभावित हो गया है। पुल की हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि ग्रामीणों में हर वक्त किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। डर के साए में लोग जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों के अनुसार, लगभग छह माह पूर्व गांव के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय विधायक सह बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार से मुलाकात कर लिखित आवेदन के माध्यम से पुल निर्माण की मांग की थी। उस समय मंत्री ने आश्वासन भी दिया था, लेकिन आधा वर्ष बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई। इस देरी से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि पंचायत का कोई भी जनप्रतिनिधि गांव की सुध लेने नहीं आता और न ही विकास का कोई उल्लेखनीय कार्य हुआ है। गांव तक समुचित सड़क व्यवस्था नहीं होने के कारण आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों और जरूरतमंदों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है, तो फिर गणेशपुर जैसे गांव बुनियादी सुविधाओं से क्यों वंचित हैं? उनका कहना है कि जब मामला मंत्री के संज्ञान में है, तो फिर जर्जर पुल के निर्माण में इतनी देरी क्यों हो रही है—यह अपने आप में बड़ा प्रश्न है। अब ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होंगे।











