नौतन में डिग्री कॉलेज के भूमि निरीक्षण हेतु पहुंचे सीवान डीएम
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
सीवान जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने रविवार को अहले सुबह नौतन प्रखंड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने डिग्री कॉलेज बनाने के लिए उपयुक्त जगह का चयन करने हेतु कई संभावित स्थानों का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी मैत्रेय अंचलाधिकारी शशी कुमारी द्वारा बताए गए नरकटिया, खलवां, मठिया, खाप बनकट तथा नौतन पंचायत के विभिन्न स्थलों पर पहुंचे। उन्होंने वहां भूमि की स्थिति, उपलब्धता, यातायात सुविधा, बिजली-पानी की व्यवस्था और आसपास के इलाकों का गहराई से जायजा लिया। स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ हुई चर्चा में उन्होंने हर पहलू पर विस्तार से जानकारी ली।
बता दें कि पूरे बिहार में कुल 534 प्रखंडों में से 213 प्रखंड अभी भी डिग्री कॉलेज से वंचित हैं। राज्य सरकार की योजना के तहत ऐसे सभी प्रखंडों में उच्च शिक्षा के नए संस्थान स्थापित किए जाएंगे। इसी अभियान के अंतर्गत नौतन प्रखंड में भी डिग्री कॉलेज खोलने की तैयारी चल रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि का चुनाव पूरी पारदर्शिता और व्यावहारिकता के साथ किया जाएगा, जिससे स्थानीय छात्र-छात्राओं को बेहतर उच्च शिक्षा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासियों ने डिग्री कॉलेज की मांग दोहराई और विभिन्न जगहों की खासियतों से उन्हें अवगत कराया। फिलहाल यह तय नहीं हुआ है कि कॉलेज आखिरकार किस स्थान पर बनेगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत भूमि चयन रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया। अंचलाधिकारी शशी कुमारी ने बताया कि जहां-जहां भूमि का निरीक्षण किया गया वह पर्याप्त नहीं है। उन्होंने बताया कि डिग्री कॉलेज निर्माण हेतु पांच एकड़ भूमि की आवश्यकता है, जो किसी भी एक जगह पर उपलब्ध नहीं हो सकी है। जहां कहीं भी भूमि देई गई वह लगभग एक एकड़ में ही है। उन्होंने साफ किया कि चुनी गई जमीन सरकारी, निजी या दान में मिली हो, लेकिन वह कॉलेज निर्माण के लिए पूरी तरह उपयुक्त होनी चाहिए। अगर कोई इतनी भूमि उपलब्ध कराते हैं तो उस पर निर्मित डिग्री कॉलेज उनके नाम से बनेगा। इसके लिए उन्होंने भूमि दान करने की अपील की है। यह दौरा ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा विस्तार की दिशा में एक अहम कदम है। स्थानीय युवाओं में इस प्रस्तावित कॉलेज को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। मौके पर अंचलाधिकारी शशी कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी अंजलि कुमारी, नौतन के पूर्व मुखिया एवं भाजपा के मंडल अध्यक्ष कृष्णा प्रसाद आदि मौजूद रहे।











