जमुई में APK फाइल भेजकर 1 करोड़ की ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, ऐसे उड़ाता था बैंक खातों से पैसे
जमुई। बिहार में बढ़ते साइबर अपराध के खिलाफ जमुई साइबर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद्रदीप थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में छापेमारी कर एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहपुर निवासी आलोक कुमार के रूप में हुई है। पुलिसिया पूछताछ में आरोपी के पास से करीब एक करोड़ रुपये की भारी-भरकम साइबर ठगी से जुड़े चौंकाने वाले तथ्यों का खुलासा हुआ है।साइबर डीएसपी के नेतृत्व में हुई छापेमारी और गिरफ्तारी,साइबर डीएसपी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने सटीक इनपुट के आधार पर आरोपी आलोक कुमार को उसके घर से दबोच लिया। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी लंबे समय से अलग-अलग तरह की साइबर वित्तीय धोखाधड़ी (Cyber Financial Fraud) की वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस अब उसके पूरे सिंडिकेट को खंगालने में जुट गई है,मोबाइल पर APK फाइल भेजकर ऐसे करता था ठगी
जांच के दौरान आरोपी की कार्यप्रणाली (Modus Operandi) का भी पर्दाफाश हुआ है। वह लोगों को झांसे में लेने के लिए उनके मोबाइल पर एक खतरनाक एपीके (APK) फाइल लिंक भेजता था।जैसे ही कोई पीड़ित उस अनजान फाइल को डाउनलोड करता, आरोपी को उसके मोबाइल का पूरा रिमोट एक्सेस मिल जाता था।एक्सेस मिलते ही वह पीड़ित के बैंक खातों की गोपनीय जानकारियां, ओटीपी (OTP) और पासवर्ड चुरा लेता था इसके बाद वह पलक झपकते ही खातों से पैसे उड़ा देता था। आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज, पूरे नेटवर्क की पड़ताल जारी,साइबर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट (IT Act) सहित अन्य संबंधित गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस उसके बैंक खातों, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल माध्यमों की बारीकी से जांच कर रही है ताकि ठगी की गई रकम का पता लगाया जा सके। साइबर डीएसपी ने बताया कि इस मामले में दो अन्य आरोपियों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिनकी जांच की जा रही है। गिरफ्तार युवक से मिली लीड के आधार पर पुलिस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। छापेमारी टीम में ये रहे शामिल साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे इस विशेष अभियान की सफलता में पुलिस निरीक्षक अभयकांत चंदा, डीएपी संदीप साह, लक्ष्मण कुमार, सिकंदर कुमार एवं मुकेश कुमार मुख्य रूप से शामिल थे। पुलिस की इस मुस्तैदी से इलाके के साइबर अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।










