गोपालगंज में सनसनी: बेटे ने मां की गला काटकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
गोपालगंज, 22 फरवरी 2026।
जिले के बैकुंडपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी ही मां की गला काटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, गोपालगंज द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बैकुंडपुर थाना क्षेत्र के ग्राम उसरी बिन टोली में सुमित्रा देवी (पति–गणेश रावत) की हत्या उनके पुत्र द्वारा किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही सदर-02 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं बैकुंडपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया गया।
त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हत्या के आरोपी रामसरोज रावत (पिता–गणेश रावत), निवासी उसरी बिन टोली, थाना–बैकुंडपुर, जिला–गोपालगंज को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना के कारणों की गहन जांच जारी है।
इस संबंध में बैकुंडपुर थाना में कांड दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई गई है।











