महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ राजद का धरना, सरकार पर साधा निशाना
विजयीपुर (गोपालगंज)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) द्वारा मंगलवार को प्रखंड मुख्यालय विजयीपुर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार माझी एवं विधानसभा प्रभारी डॉ. गामा यादव ने संयुक्त रूप से की।
धरना के दौरान नेताओं ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बदहाल शिक्षा व्यवस्था, ध्वस्त कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर केंद्र एवं राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। वक्ताओं ने कहा कि आम जनता महंगाई की मार झेल रही है, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और लगातार पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है।
सभा को संबोधित करते हुए सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष कैप्टन राजनंदन यादव ने केंद्र सरकार की नीतियों की तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि देश की जनता को कभी नोटबंदी, कभी कोरोना काल, कभी गैस सिलेंडर और अब पेट्रोल-डीजल जैसी समस्याओं के लिए लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार रोजगार सृजन और महंगाई नियंत्रण में विफल रही है, जबकि युवाओं के सामने बेरोजगारी की गंभीर चुनौती खड़ी है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। वहीं बिहार में पुलों और अन्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने हाल के पुल हादसों का उल्लेख किया और विकास कार्यों में पारदर्शिता की मांग की।
धरना कार्यक्रम में प्रखंड प्रभारी अमरेश यादव, प्रभुनाथ मांझी, ब्रिटेन गुप्ता, विष्णु यादव, आलम अंसारी, पीयूष यादव, प्रियांशु पांडेय, दुर्गेश टाइगर यादव, अंकित यादव सहित बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों पर राजद का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा और जनहित के सवालों को सड़क से सदन तक उठाया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने महंगाई पर नियंत्रण, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की। धरना के माध्यम से विभिन्न जनसमस्याओं की ओर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया।











