कटेया रेफरल अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए लगेगा जनता दरबार
सप्ताह में दो दिन होगी जनसुनवाई,मरीजों की शिकायतों का होगा ऑन द स्पॉट समाधान
कटेया,गोपालगंज
रेफरल अस्पताल कटेया में मरीजों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लेकर नई पहल की गई है।अब अस्पताल परिसर में सप्ताह में दो दिन जनता दरबार लगाया जाएगा।राज्य सरकार के निर्देशानुसार ‘सात निश्चय-3’ के सातवें निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान” के तहत सोमवार और शुक्रवार को जनसुनवाई आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।इसी क्रम में अस्पताल प्रशासन ने भी प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को मरीजों व उनके परिजनों की शिकायतें सुनने का कार्यक्रम तय किया है।रेफरल अस्पताल कटेया के स्वास्थ्य प्रबंधक अजीत कुमार ने बताया कि जनसुनवाई के माध्यम से मरीजों को सीधे अपनी समस्याएं रखने का अवसर मिलेगा।दवा की उपलब्धता,इलाज में होने वाली परेशानी,अस्पताल की साफ-सफाई या अन्य असुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।उनका कहना है कि इस पहल से व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी और मरीजों को इलाज के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।जनसुनवाई से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।











