दुर्घटनाओं में कमी लाने के निर्देश
बांदा-सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की समीक्षा एवं उनके प्रभावी निराकरण के संबंध में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम,यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने तथा आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।निर्देशित किया कि जनपद में सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों को चिन्हित करते हुए उनके निराकरण के लिए ठोस एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।दुर्घटना संभावित स्थलों पर विशेष ध्यान देते हुए आवश्यक सुधारात्मक उपाय किए जाएं तथा संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा के निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करें।जिससे दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो।हिट एंड रन की घटनाओं से प्रभावित पीड़ितों एवं उनके पात्र आश्रितों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।राहवीर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने पर जोर दिया ताकि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता के लिए अधिक से अधिक लोग आगे आएं और दुर्घटना के बाद घायलों को समय से उपचार उपलब्ध कराया जा सके।सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने के निर्देश दिए। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग,चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट का उपयोग,निर्धारित गति सीमा का पालन तथा यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए लोगों को जागरूक किया जाए।सड़क सुरक्षा के प्रति जनसहभागिता बढ़ाकर दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं।बैठक में पुलिस अधीक्षक,अपर जिलाधिकारी न्यायिक सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
…………………………












