गोपालगंज: बेकाबू स्कॉर्पियो ने बाइक को रौंदा, एक की दर्दनाक मौत, दूसरा गंभीर।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज ।। शहर के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आरार ओवरब्रिज पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे ने कोहराम मचा दिया। एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो युवकों को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। इस हृदयविदारक हादसे में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब एक बाइक पर सवार दो युवक आरार ओवरब्रिज से गुजर रहे थे। तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बेकाबू स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे, हादसे के तुरंत बाद एक युवक ने दम तोड़ दिया।सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल मॉडल सदर अस्पताल में भर्ती कराया। घायल युवक की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया है। पुलिस ने दुर्घटनास्थल से स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस ने लोगों से ओवरब्रिज और भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहन की गति नियंत्रित रखने की अपील की है। फिलहाल मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।












