गोपालगंज: तेज़ रफ़्तार का कहर, अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर; एक की मौत, तीन घायल।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट

गोपालगंज।। जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौरावं गाँव के समीप एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ एक तेज़ रफ़्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में स्कॉर्पियो सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और मासूम बच्चे समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो सवार सभी लोग सदर अस्पताल में डॉक्टर से जांच करवाकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नगर थाना क्षेत्र के चौरावं गाँव के पास चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया। स्कॉर्पियो की रफ़्तार इतनी तेज़ थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली से हुई भिड़ंत के बाद गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।स्कॉर्पियो सवार एक युवक की जान चली गई है। हादसे में एक महिला और एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से ज़ख्मी हुए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
तेज़ रफ़्तार और लापरवाही एक बार फिर एक परिवार पर भारी पड़ी है। अस्पताल से खुशी-खुशी घर लौट रहे लोगों के लिए यह सफर मातम में बदल गया।












