अवैध पशु तस्करी के विरुद्ध गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 मवेशी बरामद।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट

गोपालगंज जिले में अवैध पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोपालपुर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में मवेशियों को मुक्त कराया है। पुलिस ने एक पिकअप वाहन से कुल 12 मवेशी बरामद किए हैं। पशु तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा 01 पिकअप वाहन (UP57BT1134) भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। यह कार्रवाई गोपालपुर थाना के अंतर्गत ग्राम-अहिरौली दुबौली टोला तकिया के पास वाहन जांच के दौरान की गई। पुलिस अधीक्षक, गोपालगंज के निर्देशानुसार जिले में पशु तस्करों पर नकेल कसने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गोपालपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक वाहन से पशुओं को अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और वाहन जांच के दौरान मवेशियों से लदी पिकअप को धर दबोचा। पुलिस ने इस मामले में वाहन मालिक और चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कांड दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाने के लिए अग्रतर विधिक कार्रवाई कर रही है।












