गोपालगंज: पुरानी रंजिश में युवक को मारी गोली, इलाके में दहशत।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट

गोपालगंज।। बिहार के गोपालगंज जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला थावे थाना क्षेत्र का है, जहाँ पुरानी रंजिश को लेकर बेखौफ अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना थावे थाना क्षेत्र के नारायणपुर हाई स्कूल के समीप की है। जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने पुरानी रंजिश को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया। घायल युवक की पहचान जहीर खान के रूप में हुई है। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सहम गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस को घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद हुआ है। घायल जहीर खान को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पुरानी रंजिश के एंगल से मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान के लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।थानाध्यक्ष विभा कुमारी ने कहा की पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता व्याप्त है।
