बहन के साथ गाली-गलौज,प्राथमिकी दर्ज
कटेया,गोपालगंज
कटेया थाना क्षेत्र के कोल्हूआर बगही गांव में पुश्तैनी जमीन में हिस्सा मांगने पर बहन के साथ गाली-गलौज व मारपीट का मामला सामने आया है।इस संबंध में स्व. प्रेमनारायण दीक्षित की पुत्री लक्की पांडेय ने थाना में आवेदन देकर अपने भाई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।आवेदन में पीड़िता ने बताया है कि वे दो भाई व दो बहन हैं।उनके पिता के नाम लगभग 17-18 बीघा जमीन थी।आरोप है कि दोनों भाई जमीन से फिजूलखर्ची कर रहे हैं और बहनों को कोई हिस्सा या जानकारी नहीं देते हैं।जब भी वे अपने अधिकार की मांग करती हैं,उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती है।पीड़िता के अनुसार 12 फरवरी को वह एक भाड़े की गाड़ी से प्रखंड कार्यालय कटेया अपने निजी कार्य से गई थीं।इसकी सूचना उनके भाई को मिल गई।दोपहर करीब एक बजे जब वह अपने पति के साथ ब्लॉक कार्यालय से बाहर निकलीं, तभी उनके भाई जयदेव दीक्षित ने उन पर हमला कर दिया।जान बचाने के लिए दोनों गाड़ी में भागे तो उन पर ईंट से हमला किया गया,जिससे गाड़ी का शीशा टूट गया और दोनों को अंदरूनी चोटें आईं।आरोप है कि उनके पति को बार-बार जान से मारने की धमकी दी जा रही है।पुलिस ने महिला के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।











